मुम्बई। "मुम्बई एकेडमी ऑफ मूविंग इमेजेज" (एमएएमआई) के 12वें मुम्बई फिल्म महोत्सव में 59 देशों की फिल्मों का प्रदर्शन होगा। गुरूवार शाम इस महोत्सव की शुरूआत हो गई। आठ दिवसीय महोत्सव की शुरूआत डेविड फ्लिंचर की "द सोशल नेटवर्क" फिल्म से हुई। महोत्सव में पांच फिल्मों का विश्व प्रीमियर होगा, जिनमें तीन फिल्में भारत की और डेनमार्क व फ्रांस की एक-एक फिल्में हैं।
इस अवसर पर तीन बार ऑस्कर पुरस्कार जीत चुके फिल्मकार ओलिवर स्टोन को अंतर्राष्ट्रीय लाइफटाइम एचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा जाएगा। शुभारम्भ समारोह में महोत्सव की जूरी में शामिल फिल्मकार श्याम बेनेगल, निर्देशक रमेश सिप्पी और उनकी पत्नी किरन जुनेजा, नवोदित फिल्मकार अयान मुखर्जी, कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेट और टीवी अभिनेता भावना व शोभा खोटे भी मौजूद थे। "वेक अप सिड" के निर्देशक मुखर्जी ने कहा, ""मैं सालों बाद इस महोत्सव में आया हूं। मैं विश्व सिनेमा के लिए दीवाना हूं और इस बार इस महोत्सव में देखने के लिए अच्छी फिल्में हैं।"" महोत्सव में 215 फीचर फिल्मों, 15 वृत्तचित्र फिल्मों, 24 लघु फिल्मों का प्रदर्शन होगा। शुभारम्भ समारोह में प्रख्यात अभिनेता रहे मनोज कुमार, अभिनेता रणवीर शौरी, निर्देशक-निर्माता कुणाल कोहली और अभिनेत्री मिनिशा लांबा मौजूद थे। महोत्सव में मनोज कुमार को लाइफटाइम एचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा जाएगा। उन्होंने कहा कि वह इसके लिए शुक्रगुजार हैं। महोत्सव में जिन भारतीय फिल्मों का प्रीमियर होगा उनमें बिजू कुमार की "द वे होम", सुधीश कामथ की "गुड नाइट गुड मॉर्निग" और के.एम. कमाल की "अलिफ" शामिल हैं। कैरलोट सीलिंग के निर्देशन में बनी डैनिश फिल्म "एबव द स्ट्रीट बिलो द वाटर" का भी प्रीमियर होगा। निर्देशक द्वय जोनास पैरिन्टी, मैथिएस मैंगिन की फ्रांसीसी वृत्तचित्र फिल्म "नेक्स्ट ईयर इन मुम्बई" भी यहां प्रदर्शित होगी।





















