नई दिल्ली। बिग सीबीएस नेटवक्र्स ने डायरेक्ट-टू-होम (डीटीएच) सेवा प्रदाता रिलायंस बिग पिक्चर्स के साथ अपने तीन अंग्रेजी मनोरंजन चैनलों के वितरण के लिए साझेदारी की घोषणा की है। बिग सीबीएस नेटवक्र्स रिलायंस ब्रॉडकास्ट नेटवर्क और अमेरिका में कार्यरत सीबीएस स्टूडियोज इंटरनेशनल का संयुक्त उद्यम है।
अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (एडीएजी) ने तीन नए चैनल शुरू किए हैं। ये चैनल हैं, सीबीएस प्राइम, बिग सीबीएस स्पार्क और बिग सीबीएस लव। बिग ब्रॉडकास्टिंग के मुख्य संचालन अधिकारी आशुतोष ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि बिग टीवी की पहुंच 30 लाख डिजीटल टेलीविजन वाले घरों तक है और बिग सीबीएस के लिए यह साझेदारी सबसे अच्छा विकल्प था। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद देशभर के दर्शकों तक अच्छे कार्यक्रम पहुंचाना है और यह साझेदारी एक शुरूआत है। तीनों चैनल विविध प्रकार के कार्यक्रम पेश करेंगे। बिग सीबीएस स्पार्क युवाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम पेश करेगा जबकि बिग सीबीएस लव महिलाओं का चैनल होगा और बिग सीबीएस प्राइम एक पूर्ण मनोरंजन चैनल होगा। रिलायंस डीटीएच एवं आईपीटीवी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय बहल का कहना है कि बिग सीबीएस के साथ हमारी साझेदारी दर्शकों के लिए अच्छे कार्यक्रम लेकर आएगी।





















