सेंचुरियन। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रवि़ड ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स टीम के लिए खेलते हुए 1000 रन पूरे कर लिए हैं। द्रवि़ड ने रविवार को सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क मैदान पर वेस्टइंडीज के क्लब गयाना के साथ खेले गए चैम्पियंस लीग के पांचवें मुकाबले में 33 रनों की पारी के दौरान 1000 रनों का आंक़डा छुआ।
द्रवि़ड ने रॉयल चैलेंजर्स के लिए 48 मैचों में इतने रन बटोरे हैं। इस दौरान उन्होंने चार अर्धशतक लगाए हैं। द्रवि़ड से अधिक रन इस टीम के लिए जैक्स कैलिस (1256) ने ही बनाए हैं। कैलिस ने 45 मैच खेले हैं। कैलिस ने रॉयल चैलेंजर्स की जीत में अहम भूमिका निभाते हुए 43 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। कैलिस ने इस वर्ष 24 ट्वेंटी-20 मैचों में सर्वाधिक 894 रन बनाए हैं।





















