रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शनिवार को चार पुलिसकर्मियों को तलाशने के नए सिरे से प्रयास शुरू करते हुए आंध्र प्रदेश सरकार से मदद मांगी। समझा जाता है कि ये चारों पुलिसकर्मी गत 19 सितंबर से नक्सलियों के चंगुल में हैं। पुलिस मुख्यालय के सूत्रों ने बताया कि आंध्र प्रदेश की सीमा से सटे बीजापुर जिले के भोपालपटनम क्षेत्र से नक्सलियों ने गत 19 सितंबर को सात पुलिसकर्मियों का अपहरण कर लिया था। एक दिन बाद नक्सलियों ने तीन पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी जबकि चार पुलिसकर्मियों के बारे में अब तक पता नहीं चल सका है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक सहायक उप निरीक्षक समेत तीन हवलदार नक्सलियों के चंगुल में हैं। नक्सली संभवत: उन्हें छत्तीसढ़ और आंध्र प्रदेश के घने जंगलों में एक स्थान से दूसरे स्थान ले जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने नक्सलियों से मानवता दिखाते हुए पुलिसकर्मियों को छो़डने का अनुरोध किया है। नक्सलियों ने हालांकि अधिकारियों से संपर्क कायम नहीं किया है और न ही पुलिसकर्मियों के अपहरण की घोषणा करते हुए उन्हें छो़डने के लिए अपनी कोई मांग रखी है।
भारत समाचार
पुलिसकर्मियों की तलाश में नए सिरे से जुटी रमन सरकार





















