टोरंटो। कनाडा ने राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों को लेकर संतुष्टि जाहिर करते हुए सभी कार्यक्रमों के निर्धारित समय पर आयोजित होने की संभावना जताई है। कनाडा ने बुधवार को अपने एथलीटों की रवानगी टाल दी थी। स्थानीय समाचार चैनल सीटीवी के मुताबिक कनाडा के एथलीट रविवार को दिल्ली पहुंचेंगे। कनाडा में राष्ट्रमंडल खेल के निदेशक स्कॉट स्टीवेंसन के हवाले से चैनल ने कहा, ""यदि ऎसी ही प्रगति होती रहे तो राष्ट्रमंडल खेल बिना बाधा के आयोजित होंगे।"" स्टीवेंसन ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने इस परियोजना को पूरा करने के लिए अपने कर्मचारियों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि राष्ट्रमंडल खेलों को पूरा करने के लिए आवश्यक उपकरणों और लोगों की कमी न होने पाए। स्टीवेंसन ने कहा, ""हम दोबारा अपना ध्यान खेल की तरफ लगा रहे हैं।"" कानाडा में राष्ट्रमंडल खेलों के अध्यक्ष एंड्र पाइप ने प्रधानमंत्री मनमोनहन सिंह द्वारा इस मुद्दे पर हस्तक्षेप किए जाने का स्वागत किया है। राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर मनमोहन सिंह ने गुरूवार को खेल मंत्री एम. एस. गिल, शहरी विकास मंत्री एस. जयपाल रेड्डी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी। कनाडा ने गुरूवार को कहा था कि उसकी महिला हॉकी टीम के साथ ही एथलीटों की दिल्ली रवानगी को टाल दी गई है क्योंकि खेल गांव की हालत रहने लायक नहीं है।
गौरतलब है कि कनाडा की महिला हॉकी टीम समय से पहले दिल्ली पहुंचकर अतिरिक्त समय का फायदा उठाना चाहती थी लेकिन टीम इस समय वैंकुवर में अभ्यास कर रही है।
भारत समाचार
राष्ट्रमंडल खेल : तैयारियों से कनाडा संतुष्ट, रविवार को पहुंच सकते हैं एथलीट





















