नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों के बहुप्रतीक्षित शुभारंभ समारोह की शुरूआत रविवार शाम सात बजे जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होगी। दो घंटे अवधि के इस समारोह में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील और ब्रिटेन के राजकुमार चाल्र्स करीब 65,000 दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में तीन से 14 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की शुरूआत की आधिकारिक घोषणा करेंगे। दुनियाभर के लोग टेलीविजन के जरिए इस समारोह के गवाह बनेंगे।
मेजबान देश और राष्ट्रमंडल खेल संघ के बीच हुए एक समझौते के तहत ऎसा पहली बार हो रहा है कि दो लोग इस समारोह की शुरूआत करेंगे। समारोह में विभिन्न प्रतिभागी अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए रैली निकालेंगे और मेहमानों के पास ही बनी अपनी सीटों पर बैठेंगे। शुभारंभ समारोह के मेहमानों में न्यूजीलैंड के गवर्नर जनरल सर आनंद सत्यानंद, मोनाको के राजकुमार अल्बर्ट द्वितीय और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद व नौरू के राष्ट्रपति मरकस स्टीफन मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष जैक्स रोग और राष्ट्रमंडल खेल संघ प्रमुख माइक फेनेल भी उपस्थित रहेंगे। समारोह छह हिस्सों में होगा, जिसमें करीब 7,000 स्त्री-पुरूष और बच्चो हिस्सा लेंगे। इसके तहत "रिद्म ऑफ इंडिया", "स्वागतम", "ट्री ऑफ नॉलेज", "योगा", "ग्रेट इंडियन जर्नी" खण्ड होंगे और अंतिम हिस्से में ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान राष्ट्रमंडल खेल गीत "जियो उठो बढ़ो जीतो" प्रस्तुत करेंगे।





















