इम्फाल। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान ने सोमवार को विवाद के बाद अपनी सर्विस राइफल से पहले अपने तीन साथियों की हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इम्फाल के पश्चिमी जिले के संगईप्रोउ में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदाम में सुबह करीब सात बजे यह घटना हुई।
इम्फाल पश्चिम जिले के पुलिस प्रमुख एल. ताईलुन ने बताया, ""हम अब भी घटना की जानकारी इकट्ठी कर रहे हैं लेकिन प्रथम दृष्टया हमें लगता है कि सीआरपीएफ के जवानों के बीच कोई झग़डा हुआ था जिसमें उनमें से कोई एक आपे से बाहर हो गया होगा और उसने अपने तीन साथियों की हत्या करने के बाद खुद को भी मार डाला होगा।"" सीआरपीएफ जवान एफसीआई के गोदाम की रखवाली के लिए तैनात थे।
एक सीआरपीएफ अधिकारी ने बताया, ""हम मामले की जांच कर रहे हैं लेकिन इस बारे में अब तक कुछ भी पता नहीं लग सका है क्योंकि घटना के वक्त कोई गवाह मौजूद नहीं था।"" उन्होंने बताया कि एक सीआरपीएफ जवान के सिर पर गोलियों के निशान थे, जिससे लगता है कि उसने गोलियां चलाई होंगी और बाद में खुद को भी मार लिया होगा।
भारत समाचार
सीआरपीएफ जवान ने 3 की हत्या कर खुदकशी की





















