नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों से जु़डे भ्रष्टाचार को लेकर आयकर विभाग ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुधांशु मित्तल के आवास सहित दिल्ली में कुल 25 स्थानों पर छापे मारे।
आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक मित्तल के दिल्ली स्थित आवास व कार्यालय पर छापेमारी की गई। मित्तल के एक निजी रिश्तेदार को खेल उपकरणों की आपूर्ति से जु़डे कुछ अनुबंध मिले थे।
अधिकारी ने बताया, ""मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि यह तलाशी अभियान है। हमें खातों और संबंधित दस्तावेजों की जांच करने एवं सभी रिकॉर्ड को खंगालने का काम मिला है। अगर जरूरी हुआ तो हम लोगों को हिरासत में लेंगे। ""
अधिकारी ने कहा, ""हम अनियमितताओं की जांच कर रहे हैं। इस बात की जांच की जा रही है कि अनुबंध में कोई अनियमितता तो नहीं बरती गई थी। फिलहाल मैं किसी व्यक्ति या कम्पनी का नाम सार्वजनिक नहीं कर सकता।"" राष्ट्रमंडल खेलों में कथित घोटाले को लेकर कांग्रेस को कटघरे में ख़डा करने की भाजपा की कोशिशों को यह तग़डा झटका है। एक समय मित्तल भाजपा के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन के सबसे करीबियों में गिने जाते थे।
गौरतलब है कि राष्ट्रमंडल खेलों के खत्म होने के बाद सरकार की ओर से भ्रष्टाचार की जांच के लिए पूर्व महालेखा परीक्षक वी.के. शुंगलू के नेतृत्व में एक उच्चास्तरीय समिति का गठन किया था।
भारत समाचार
सुधांशु के आवास सहित 25 स्थानों पर आयकर विभाग के छापे





















