सैन फ्रांसिस्को। कम्प्यूटर निर्माता कंपनी डेल ने मंगलवार को अमेरिकी बाजार में अपना पहला स्मार्टफोन उतार दिया है। कंपनी को उम्मीद है कि इस स्मार्टफोन के ग्राहक अमेरिका में उसके कम्प्यूटर ग्राहकों से ज्यादा हो जाएंगे। गूगल एंड्रायड ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलने वाला यह फोन डेल एरो, एटी एण्ड टी के नेटवर्क पर चलेगा। इसकी कीमत करीब 100 डॉलर है। पांच मेगापिक्सल कैमरे वाले इस फोन की स्क्रीन 3.5 इंच लंबी है। कुल 104 ग्राम वजन वाले इस फोन के बारे में डेल का कहना है कि एरो इस समय बाजार में सबसे हल्का फोन है। डेल के अधिकारी रॉन ग्रेक्यूस ने एक बयान में कहा कि एरो के फीचर्स लोगों को नए मित्र ढूढने में मदद करते हैं और उनके सामाजिक पक्ष को मजबूत बनाते हैं। फेसबुक, टि्वटर और यू ट्यूब के फीचर्स इस फोन में उपलब्ध हैं। डेल ने अपना पहला फोन "मिनी 3" वर्ष 2009 में चीन में उतारा था।
कुछ समय पहले डेल ने एंड्रायड ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलने वाला पांच इंच का टेबलेट कम्प्यूटर भी बाजार में उतारा था। बाजार शोध संस्था आई सप्लाई के मुताबिक वर्ष 2012 तक एंड्रायड ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलने वाले स्मार्टफोन की बाजार हिस्सेदारी आईफोन की बाजार हिस्सेदारी से ज्यादा हो जाएगी। अनुमान के मुताबिक वर्ष 2012 तक एंड्रायड फोन के ग्राहकों की संख्या 7.5 करो़ड हो जाएगी जो कि वर्ष 2009 में 2.5 करो़ड थी। आई सप्लाई का कहना है कि एंड्रायड की बाजार हिस्सेदारी वर्ष 2012 तक 19.4 प्रतिशत हो जाएगी जबकि आईफोन की बाजार हिस्सेदारी 15.9 प्रतिशत यानि कुल 6.2 करो़ड ग्राहकों की रहेगी। दुनियाभर में स्मार्टफोन बाजार की वृद्धि दर वर्ष 2010 में 36 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
भारत समाचार
डेल ने बाजार में उतारा अपना पहला स्मार्टफोन





















