नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेल महासंघ प्रमुख माइकल फेनेल उद्घाटन समाोह की शानदार सफलता से अब काफी गदगद हैं। अब तक खेल गांव में सुविधाओं की कमी और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर शिकायतें और चिंता जताते रहे फेनेल ने कहा कि खेलों का उद्घाटन समारोह जबर्दस्त रहा और इस आयोजन ने सबको प्रभावित किया है। फेनेल ने मंगलवार को कहा कि यह विराट और भव्य समारोह था जिसे दुनियाभर ने देखा।
उन्होंने कहा कि इस समारोह ने सबके मन पर छाप छो़डी है। आयोजन के दौरान सुरक्षा और परिवहन का उचित इंतजाम किया गया था। वह दुनियाभर में इसके प्रसारण की गुणवत्ता से भी खासे प्रभावित हैं। साथ ही उन्होंने आशा जताई कि अब तक सब कुछ अच्छा रहा है, लेकिन अभी खेलों के ग्यारह दिन बाकी हैं और यह उम्मीद करते हैं सब कुछ ठीक रहेगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को खेलों का पहला दिन था और सब कुछ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सफलतापूर्वक हुआ।
उन्होंने भारत द्वारा पहले दिन दो रजत और दो कांस्य पदक जीतने पर राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति अध्यक्ष सुरेश कलमाडी को बधाई देते हुए कहा कि मेजबान का अच्छा प्रदर्शन जरूरी है। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति हर रोज की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और हर रोज के घटनाक्रम पर चर्चा के लिए गेम्स टाइम मैनेजमेंट की हर रोज सुबह आठ बजे बैठक होती है, जिसमें सभी समस्याओं पर चर्चा की जाती है। इस अवसर पर कलमाडी मे कहा कि एथलीट खेल गांव की सुविधाओं से संतुष्ट हैं और जो कोई भी समस्या बची है, उन्हें बुधवार तक दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट और खाने से संबंधित कुछ दिक्कतें हैं जिन्हें जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। उनका कहना था कि वैसे खिलाडियों ने खाने और अन्य सुविधाओं की सराहना की है। कलमाडी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि उन्हें कुछ खिलाडियों को खेल गांव में खाना खाने के बाद हुई दिक्कत का पता नहीं चला है, हालांकि वह इस बारे में जल्द ही पता लगाएंगे और खामियों को दूर किया जाएगा। इस मौके पर मौजूद आयोजन समिति के महासचिव ललित भनोट ने कहा कि तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में वजन बताने वाली मशीन में आई खराबी को दूर कर लिया गया है और मुकाबले तय समय पर ही होंगे।
भारत समाचार
अब गदगद हैं राष्ट्रमंडल खेल प्रमुख फेनेल





















