लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में बुधवार को एक घनी आबादी वाले इलाके में स्थित पटाखों के गोदाम में भीषण आग लगने से ह़डकंप मच गई।
आग से तीन लोगों के घायल होने की खबर है। यह पटाखा गोदाम चौक इलाके के एक मकान में था। आग ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
चौक थाना-प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि समय पर दमकल की गाडियों ने वहां पहुंचकर आग को आस-पास के मकानों में फैलने से रोक लिया है और जल्दी ही इस पर पूरी तरह से काबू पा लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक घटना के वक्त गोदाम में मौजूद तीन कर्मचारी मामूली रूप से झुलस गए हैं, जिनका पास के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
सिंह ने बताया कि आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया यह बिजली के शॉर्ट सर्किट का मामला प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच की जाएगी कि घनी आबादी और भी़डभ़ाड वाले इलाके में पटाखे का गोदाम कैसे बनाया गया। पुलिस पटाखा गोदाम मालिक के बारे में पता लगा रही है।
भारत समाचार
पटाखा गोदाम में भीषण आग, 3 घायल





















