मुम्बई। तेज खपत वाली उपभोक्ता वस्तु (एफएमसीजी) क्षेत्र की प्रमुख कम्पनी गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (जीसीपीएल) में सहयोगी कंपनी गोदरेज हाउसहोल्ड प्रोडक्ट्स लिमिटेड (जीएचपीएल) का विलय किया है।
इस विलय के बाद जीसीपीएल अब पर्सनल केयर और घरेलू कीटनाशक क्षेत्र की सबसे ब़डी कम्पनियों में से एक हो गई है। कम्पनी ने नियामक को दी गई जानकारी में कहा कि इस विलय के बाद जीएचपीएल के शेयर जारी नहीं किए जाएंगे। इससे पहले सारा ली के नाम से जानी जाने वाली जीएचपीएल ने हाल ही में अपने विदेशी हिस्सेदार सारा ली से कम्पनी की 51 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी। जीसीपीएल के अध्यक्ष आदि गोदरेज ने कहा, ""जीसीपीएल अब देश की सबसे ब़डी घरेलू एवं पर्सनल केयर कम्पनी बन गई है। साथ ही यह एशिया की दूसरी सबसे ब़डी घरेलू कीटनाशक उत्पाद कम्पनी बन गई है। इस विलय से हमें कम्पनी का मुनाफा और विकास दर बढ़ाने में मदद मिलेगी।"" उन्होंने कहा कि कम्पनी के निदेशक मंडल ने अपनी दक्षिण अफ्रीका स्थित दो इकाइयों किंकी समूह और रापीडोल लिमिटेड के विलय को मंजूरी दी है। ये दोनों कम्पनियां हेयरकेयर उत्पाद बनाती हैं।





















