नई दिल्ली। स्थानीय सराफा बाजार में मंगलवार को सोने-चांदी के भाव नई ऊंचाई को छू गए।
सोने के भाव 265 रूपए उछलकर 20,600 रूपए प्रति दस ग्राम तथा चांदी के भाव 1800 रूपए उछलकर 41,700 रूपए प्रति किलो के रिकार्ड ऊंचाई पर बंद हुए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे मुद्रा तनाव से डालर का फिसलना तय माना जा रहा है जिससे डालर को सोने में बदलने की होड लग गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की जबरदस्त मांग है। इससे सोने के दाम 1413.47 डालर प्रति औंस तथा चांदी भी 1.2 प्रतिशत तेजी के साथ 28.07 डालर प्रति औंस हो गई। चांदी के भाव 1980 के बाद के उच्चतम स्तर पर है। घरेलू बाजार में सोना 99.9 शुद्ध और 99.5 शुद्ध के भाव 265 रूपए उछलकर क्रमश: 20,600 रूपए और 20,500 रूपए प्रति दस ग्राम की नई ऊंचाई पर बंद हुए। तेजी के आम रूख के बीच चांदी तैयार के भाव 1800 रूपए चढकर 41,700 रूपए और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 1900 रूपए की तेजी के साथ 41,550 रूपए प्रति किलो बंद हुए।
भारत समाचार
सोना-चांदी की नई ऊंचाई





















