शिमला। हिमाचल प्रदेश के पोंग बांध में बुधवार को बारिश कम होने की वजह से पानी के बहाव में कमी आई है, लेकिन एहतियातन अतिरिक्त पानी को बाहर निकालने के लिए छोटे गेट खोल दिए गए हैं।
पिछले 15 सालों में पहली बार जलस्तर खतरे के निशान 1,390 फुट से ऊपर चले जाने की वजह से पानी को निकालने के लिए मंगलवार को छोटे गेट खोले गए थे। बांध में जलस्तर 1,395 फुट तक पहुंच गया था। भाख़डा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के के. सी. राणा ने आईएएनएस को फोन पर बताया, ""बांध में बुधवार सुबह नौ बजे जलस्तर 1,394 फुट था और इसमें 33,000 क्यूसेक पानी छो़डा गया।"" उन्होंने बताया, ""बांध में मंगलवार से बहाव में 65,000 क्यूसेक पानी की कमी आई है। यह सोमवार को 1.85 लाख क्यूसेक था।"" पोंग बांध पंजाब की सीमा से सटे हुए हैं। राणा ने बताया कि पानी निकालने के लिए गेट बुधवार को भी खुले रहेंगे। इससे ब्यास नदी में अतिरिक्त 15,000 क्यूसेक पानी बहेगा। उन्होंने कहा कि तकरीबन 33,000 क्यूसेक पानी छो़डा जा चुका है।





















