श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा है कि एक विवादास्पद वीडियो अपलोड करने के मामले में वह सोशल नेटवर्किग वेबसाइट यू ट्यूब और फेसबुक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने जा रही है। पुलिस का कहना है कि तीन मिनट के इस वीडियो में कथित तौर पर चार युवकों को कश्मीर के सोपोर क्षेत्र में कुछ वर्दीधारी कर्मियों द्वारा कथित तौर पर निर्वस्त्र परेड कराते हुए दिखाया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि दोनों नेटवर्क के खिलाफ औपचारिक मामला दर्ज किया जा रहा है और जांच कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किन लोगों ने इस बेबुनियाद तथा दुर्भाग्यपूर्ण वीडियो क्लिप को इंटरनेट पर अपलोड किया है। उसने वीडियो क्लिप का संज्ञान लिया है।
प्रारंभिक जांच में इन रिपोर्टो की पुष्टि नहीं की जा सकी है, इसलिए लगता है कि इस वीडियो का उद्देश्य सुरक्षाबलों की छवि धूमिल करना तथा लोगों के बीच असंतोष का प्रसार करना था, जो अक्षम्य है। उन्होंने कहा कि जिन संगठनों ने इस वीडियो का प्रसार करने की कोशिश की है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। यह विवादास्पद वीडियो सबसे पहले यू ट्यूब और उसके बाद फेसबुक पर आया था। इस क्लिप में कथित तौर पर कश्मीरी युवकों को निर्वस्त्र और सोपोर के खेतों में परेड करते हुए दिखाया गया है।
भारत समाचार
यू ट्यूब-फेसबुक पर केस दर्ज करेगी जम्मू-कश्मीर पुलिस





















