नई दिल्ली। "लांग प्लेईंग रिकॉड्र्स" यानी एलपी रिकॉड्र्स 70 और 80 के दशक में खासे लोकप्रिय थे, तब ज्यादातर लोग इन्हीं पर संगीत सुनना पसंद करते थे। अब 13 साल के अंतराल के बाद एक बार फिर एलपी पर फिल्म "झूठा ही सही" का संगीत जारी किया जा रहा है।
संगीत कम्पनी सारेगामा सीडी पर तो इस फिल्म का संगीत जारी कर चुकी है लेकिन अब वह जॉन अब्राहम अभिनीत इस फिल्म के गीत एलपी पर भी जारी कर पुराने दिनों की यादें ताजा करना चाहती है। "सारेगामा इंडिया लिमिटेड" के प्रबंध निदेशक अपूर्व नागपाल ने एक प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा है, ""बॉलीवुड के इतिहास में सारेगामा ने कुछ सबसे पुराने और सर्वश्रेष्ठ गीत जारी किए हैं। अंतिम एलपी 13 साल पहले बेची गई थी, वह 1997 में आई फिल्म "दिल तो पागल है" का एलपी रिकॉर्ड था। "झूठा ही सही" का संगीत समयबद्ध नहीं है, इसमें शास्त्रीयता का भाव है। इसलिए हमने एलपी का युग वापस लाने के विषय में सोचा।"" ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने "झूठा ही सही" का संगीत तैयार किया है। नागपाल कहते हैं कि एलपी के लिए लोगों में अच्छी प्रतिक्रिया है। उन्होंने बताया, ""हमें अभी से "झूठा ही सही" की एलपी के लिए अच्छी प्रतिक्रिया मिलनी शुरू हो गई है। जॉन अब्राहम इस एलपी और एलपी प्लेयर के लिए बुकिंग कराने वाले पहले शख्स हैं। हम जल्दी ही अन्य एलबमों को भी एलपी पर जारी करेंगे।""





















