मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की सुपरहिट फिल्म दबंग के हिट गाने मुन्नी बदनाम हुई डार्लिग तेरे लिए.. में झंडू बाम शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति जताने बाद अब झंडू बाम बनाने वाली कंपनी इमामी ने फिल्म के निर्माता अरबाज खान से समझौता कर लिया है। झंडू बाम की कंपनी और अरबाज खान के बीच हुए समझौते के तहत मलाइका अरोडा खान एक खास विज्ञापन के जरिए झंडू बाम का प्रचार करेंगी। कहने का मतलब यह है कि मलाइका अब झंडू बाम की ब्रांड अंबेसेडर बनने जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कंपनी की ओर से झंडू बाम के प्रचार के लिए एक खास विज्ञापन तैयार किया जा रहा है। इस विज्ञापन में मलाइका अहम भूमिका निभाएंगी।
गौरतलब है कि पिछले दिनों कंपनी ने गाने के बोल में झंडू बाम का इस्तेमाल पर कडी आपत्ति जताते हुए फिल्म के निर्माता अरबाज खान को नोटिस भिजवाया था। कंपनी ने मांग की थी कि फिल्म से या तो इस गाने को या गाने से झंडू बाम शब्द को हटाया जाए।
खबरों के अनुसार, फिल्म की निर्माता कंपनी और झंडू बाम बनाने वाली कंपनी के बीच कोर्ट के बाहर सुलह हो गई है। इस संबंध में अरबाज खान का कहना है कि सबकुछ न्यायालय के बाहर मित्रतापूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया है। अरबाज ने कहा, मुन्नी की लोकप्रियता को भुनाने के लिए अब एक विशेष विज्ञापन तैयार किया जाएगा, जिसके माध्यम से फिल्म दबंग और झंडू बाम दोनों का ही प्रचार किया जाएगा।
भारत समाचार
मुन्नी करेगी झंडू बाम का सरदर्द दूर!





















