साओ पॉलो। ब्राजील के महान फुटबॉल खिल़ाडी पेले ने अर्जेटीना के स्टार खिल़ाडी से प्रशिक्षक बने डियागो माराडोना की आलोचना करते हुए कहा है कि वे युवाओं के लिए खराब आदर्श हैं।
शुक्रवार देर रात मीडिया के समक्ष पेले द्वारा की गई इस टिप्पणी से फुटबॉल के इन दोनों धुरंधरों के बीच नया विवाद छि़डने के आसार उत्पन्न हो गए हैं। वे दोनों इससे पहले भी मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे को भला-बुरा कह चुके हैं। 23 अक्टूबर को 70 वर्ष के होने जा रहे पेले ने अपने से करीब 20 साल छोटे माराडोना के बारे में कहा, ""वे युवाओं के लिए अच्छे आदर्श नहीं हैं।"" पेले ने कहा, ""भगवान ने उन्हें फुटबॉल खेलने की क्षमता बख्शी है और इसीलिए वे खुशकिस्मत हैंं। उनके जीवन में जो कुछ भी हुआ है, उसके बावजूद ऎसे लोग हैं जो अब तक उनके साथ अनुबंध करते हैं। अगर उनमें विवेक होता तो वे उनके साथ करार नहीं करते।"" पेले ने 30 अक्टूबर को अपना 50वां जन्मदिन मनाने जा रहे माराडोना के बारे में कहा, ""वे ज्यादा नहीं बदले हैं, उनके पास ज्यादा काम नहीं है। वे महान खिल़ाडी थे लेकिन एक खराब मिसाल हैं।"" ऎसे आसार नहीं है कि माराडोना उनकी आलोचना को आराम से सुन लेंगे। पिछली बार पेले की अपने बारे में की गई टिप्पणी पर माराडोना ने कहा था, ""पेले जो कहते हैं, उसकी परवाह किसे हैक्""





















