नई दिल्ली। देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनी मारूति सुजुकी ने मंगलवार को कहा कि उसने दिल्ली सरकार को राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान उपयोग करने के लिए पर्यावरण के अनुकूल कारों की पहली खेप उपलब्ध करा दी है।
मारूति सुजुकी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिंझू नकानिशी ने बताया कि दिल्ली के परिवहन मंत्री अरविंदर सिंह लवली को दो हाइब्रिड (एसएक्स4) कारें और एक इलेक्ट्रिक "इको" बहुद्देशीय वाहन (एमयूवी) सौंपा जा चुका है। प्रबंध निदेशक ने कहा, ""राष्ट्रमंडल खेलों से जु़डकर मारूति सुजुकी गौरवान्वित महसूस कर रही है।"" उन्होंने कहा कि कंपनी खेलों में प्रदर्शन के लिए भविष्य की तकनीक पर आधारित 14 कारें देगी। इनमें 10 हाइब्रिड एसएक्स4 और चार इलेक्ट्रिकल "इको चार्ज" वाहन होंगे। कंपनी ने हाल ही में सीएनजी इंजन के अनुकूल अपनी पांच कारों को बाजार में उतारा है।





















