लंदन। मैच फिक्सिंग के आरोपों से घिरे पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान बट्ट और कथित सटोरिए मजहर माजिद के गहरे रिश्तों का एक और सबूत सामने आया है। ब्रिटिश मीडिया के अनुसार पाकिस्तानी कप्तान माजिद के साथ उसकी "एश्टन मार्टिन" कार में गए। स्थानीय समाचार पत्र "डेली मेल" ने शनिवार को एक तस्वीर प्रकाशित की है जिसमें बट्ट यह कार चलाते दिख रहे हैं और पीछे वाली सीट पर खुद माजिद बैठा है। दिलचस्प बात है कि बट्ट की बगल वाली सीट पर पाकिस्तानी टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल भी बैठे हैं। इस स्पोर्ट कार की कीमत लगभग एक करो़ड रूपये (130,000 पांउड) है। वैसे एक अखबार के स्टिंग ऑपरेशन में इस्तेमाल की गई नकदी भी बट्ट के कमरे से ही मिली थी। अखबार का कहना है कि यह तस्वीर इसी साल जुलाई में पाकिस्तान टीम के होटल के बाहर ली गई थी।
कार में सवार होने से पहले माजिद ने फोन पर किसी से बात भी की। अखबार की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस तस्वीर से साफ संकेत मिलते हैं कि बट्ट और माजिद के रिश्ते बहुत गहरे थे। पछले दिनों मैच फिक्सिंग का विवाद सामने आने के बाद ब्रिटेन की पुलिस-स्कॉटलैंड यार्ड ने पाकिस्तान मूल के कथित सटोरिए मजहर माजिद को गिरफ्तार भी किया था। स्कॉटलैंड यार्ड ने इस संबंध में बट्ट, आसिफ, आमेर और अकमल से भी पूछताछ की थी। बट्ट, आमेर और आसिफ को टीम से बाहर कर दिया गया है। इनके खिलाफ जांच चल रही है। उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन के समाचार पत्र "द न्यूज ऑफ द वल्र्ड" द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में माजिद ने समाचार पत्र से 150,000 पाउंड लिए और पहचान छुपाकर उससे मिलने वाले पत्र के संवाददाता से वादा किया कि पाकिस्तानी तेज गेंदबाज निर्धारित समय पर लाड्र्स टेस्ट में नो-बॉल फेंकेंगे। बाद में ऎसा ही हुआ।
भारत समाचार
मैच फिक्सिंग विवाद : माजिद के संग "एश्टन मार्टिन" में घूमते थे बट्ट!





















