रांची। झारखण्ड सरकार ने नक्सलियों से सहानुभूति और उनके अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोप में राज्य के कई गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) पर पैनी नजर रखनी शुरू कर दी है।
सरकारी सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि नक्सल प्रभावित जिलों के प्रशासन को गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) की अवैध गतिविधियों में संलिप्तता पर नजर रखने के लिए पत्र भेजा गया है। सूत्र ने बताया, ""इस बात की सूचना मिली है कि ब़डी संख्या में एनजीओ अवैध गतिविधियों में संलिप्त हैं और उनकी नक्सलियों के प्रति सहानुभूति है। कुछ एनजीओ का नक्सलियों के साथ प्रत्यक्ष संबंध हैं।
उन्होंने पुलिस के विरोध में नक्सलियों की खुलकर मदद की है।"" एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "" हम नक्सलियों का समर्थन करने वाले कुछ एनजीओ की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रहे हैं।"" उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार नियमित रूप से एनजीओ की समीक्षा करती है। छह साल पूर्व 300 से अधिक एनजीओ जाली और कुछ का संबंध नक्सलियों से पाया गया था।
भारत समाचार
झारखण्ड में नक्सली समर्थक एनजीओ सरकार के निशाने पर





















