नोएडा। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में दर्जनभर जघन्य अपराधों का आरोपी 50,000 का इनामी बदमाश फारूकी सोमवार को नोएडा पुलिस के साथ मुठभे़ड में मारा गया। पुलिस के अनुसार मेरठ निवासी फारूकी उर्फ लांगरा नोएडा सेक्टर 39 पुलिस स्टेशन के तहत महामाया फ्लाईओवर के पास पुलिस के साथ मुठभे़ड में मारा गया। पुलिस के मुताबिक तीन लोग एक कार में सवार होकर जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें जांच के लिए रोका। कार में सवार लोगों ने कार रोकने की बजाय पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान कार में सवार एक व्यक्ति को गाली लग गई जबकि दो अन्य व्यक्ति कार छो़डकर फरार होने में सफल हो गए। पांच मिनट की मुठभे़ड के बाद पुलिस घायल व्यक्ति को अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक व्यक्ति के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान फारूकी के रूप में की गई। वह लीसारी गेट थाना क्षेत्र के लखीपुरा का निवासी था। नोएडा के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ दर्जनभर मामले दर्ज थे। हरियाणा पुलिस ने फारूकी पर 50,000 रूपये इनाम की घोषणा की थी। पानीपत की पुलिस उसे तलाश रही थी। पुलिस ने बताया कि यूपी-92 सी 5055 नंबर की जेन कार से 9 एमएम की पिस्तौलें, एक राइफल और एक चाकू बरामद किया गया है।
भारत समाचार
पुलिस मुठभे़ड में इनामी बदमाश मारा गया





















