नई दिल्ली। छह नवम्बर को भारत के दौरे पर आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं से मिलने का कार्यक्रम अभी तक तय नहीं हुआ है।
भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमन से सोमवार को जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ""इस बारे में मैं मंगलवार को ही बता पाऊंगी।""
सामान्य तौर पर जब किसी देश के राष्ट्रपति भारत आते हैं तो उनका प्रमुख विपक्षी दल के नेताओं से मिलने का भी कार्यक्रम होता है। लेकिन ओबामा अपने भारत दौरे पर किन भाजपा नेताओं से मिलेंगे, इस बारे में अमेरिकी अधिकारियों तक ने कोई ब्योरा नहीं दिया है।
सूत्रों के मुताबिक वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और अध्यक्ष नितिन गडकरी ओबामा से मिल सकते हैं।
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज और राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली का भी ओबामा से मिलने का कार्यक्रम है लेकिन इस बारे में अभी तक कुछ भी निश्चित नहीं हुआ है।
सुषमा के संसद स्थित कार्यालय के एक सहयोगी ने बताया, ""प्रोटोकॉल के तहत सुषमा विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों से जरूर मिलती हैं। उम्मीद है कि राष्ट्रपति ओबामा से भी उनकी मुलाकात होगी।""
उल्लेखनीय है कि ओबामा छह नवम्बर से नौ नवम्बर तक भारत में होंगे। उनके भारत दौरे की शुरूआत मुम्बई से होगी।
भारत समाचार
ओबामा का भाजपा नेताओं से मिलने का कार्यक्रम तय नहीं





















