दिल्ली। आईटीसी मौर्या होटल के बुखारा रेस्तरां के खानसामे सोमवार सुबह से ही अपनी तैयारी में जुटे हुए हैं। इस बात के संकेत पहले ही मिल गए थे कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा अपनी पत्नी मिशेल के साथ शाम को "ओबामा थाली" का आनंद उठाएंगे।
इस थाली में कबाब, टिक्का, सलाद और पारम्परिक भारतीय मिठाइयां शामिल होंगी। आईटीसी मौर्या के बुखारा रेस्तरां के एक अधिकारी ने बताया, ""राष्ट्रपति ने हमारी थाली का स्वाद चखने में रूचि दिखाई है, जिसे हमने "ओबामा थाली" का नाम दिया है। उन्होंने भारतीय भोजन के प्रति भी अपनी रूचि जाहिर की है। हमें भरोसा है कि आज (सोमवार) डी-डे (महत्वपूर्ण दिन) होगा। खानसामों के एक दल ने ओबामा की पसंद-नापसंद को सावधानीपूर्वक समझने के बाद थाली का मेन्यू तैयार किया है।"" "ओबामा थाली" में तंदूरी रान, तंदूरी सलाद, मुर्ग खुरचन, फिश टिक्का, रेशमी कबाब, शिकंदरी रान और तंदूरी आलू जैसे उत्तर भारतीय और मुगलई व्यंजनों का एक अच्छा मिश्रण शामिल है। मिठाई के रूप में ओबामा के पास रस मलाई और कुल्फी का विकल्प होगा। अधिकारी ने कहा, ""हमारी रस मलाई और कुल्फी को हिलेरी क्लिंटन ने भी पसंद किया था। इसलिए हमें आशा है कि ओबामा भी इसे पसंद करेंगे।"" अधिकारी ने कहा, ""हमारे कर्मचारी और खानसामे सोमवार सुबह से ही तैयारी में जुटे हुए हैं। हमें उम्मीद है कि ओबामा देर शाम तक यहां उपस्थित होंगे।"" आईटीसी होटल ने 2000 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और उनकी पत्नी हिलेरी क्लिंटन की मेजबानी की थी। हिलेरी क्लिंटन फिलहाल अमेरिका की विदेश मंत्री हैं। जहां क्लिंटन दम्पति के नाम से अलग-अलग थालियां हैं, वहीं उनकी बेटी चेल्सी क्लिंटन के नाम से भी शाकाहारी थाली है। अधिकारी ने कहा, ""सात व्यंजनों में से दो व्यंजन ऎसे हैं जो क्लिंटन के मेन्यू में भी शामिल थे। वे शिकंदरी रान और तंदूरी आलू हैं।"" अधिकारी ने कहा, ""ओबामा के लिए हमारे सभी व्यंजनों की तैयारी पूरी हो चुकी है। हम अपने आतिथ्य का प्रदर्शन करने और अपने व्यंजनों के बारे में उनकी राय जानने को तैयार हैं। चूंकि राष्ट्रपति ने कहा है कि हम वापस जाने से पहले कम से कम एक बार भोजन करेंगे, लिहाजा हम समझते हैं कि वह मौका आज (सोमवार) ही आएगा।"" अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, ""सभी बैठकें और मुलाकातें समाप्त हो जाने के बाद ओबामा दम्पति देर शाम तक फुर्सत में हो जाएंगे और फिर यहां रात के भोजन का आनंद उठाएंगे।""





















