लंदन। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष एजाज बट्ट ने अपने उस बयान के लिए इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से माफी मांग ली है, जिसमें उन्होंने ओवल में खेले गए एकदिवसीय मुकाबले के दौरान इंग्लैंड के खिलाडियों पर धन लेकर मैच हारने का आरोप लगाया था।
ब्रिटेन के समाचार पत्र "डेली टेलीग्राफ" के मुताबिक बट्ट ने एक बयान जारी कर इंग्लैंड के खिलाडियों से अपने उस बयान को लेकर माफी मांगी। इंग्लिश खिलाडियों ने बट्ट का माफीनामा स्वीकार कर लिया है। साथ ही उन्होंने बट्ट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अपनी धमकी भी वापस ले ली है। पीसीबी और ईसीबी द्वारा जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि पीसीबी अध्यक्ष ने स्वीकार किया है कि दुनिया भर की मीडिया के सामने उन्होंने इंग्लैंड के खिलाडियों द्वारा मैच फिक्स करने का जो आरोप लगाया था, उसके संबंध में उनके पास कोई सबूत नहीं है। बट्ट का कहना है कि उनके बयान को तो़डमो़डकर पेश किया गया। बट्ट ने अपने बयान में कहा, ""मैं व्यक्तिगत और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से ईसीबी और इंग्लैंड के खिलाडियों से अपने उस बयान को लेकर माफी मांगता हूं। मैं अपना बयान वापस ले रहा हूं। यह दुखद है कि मेरे उस बयान को लोग समझ नहीं सके। ऎसे में उसे तो़डमो़डकर पेश किया गया।"" बट्ट लॉड्र्स टेस्ट के दौरान सामने आए मैच फिक्सिंग विवाद के आरोपियों-मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद आमेर और कप्तान सलमान बट्ट को बचाने की प्रक्रिया में लंदन पहुंचे हैं। यहां उन्होंने इस मामले को देख रहे वकील और जांच एजेंसी-स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस से मुलाकात की है।
भारत समाचार
मैच फिक्सिंग विवाद : बट्ट ने इंग्लैंड के खिलाडियों से माफी मांगी





















