बेंगलुरू। बेंगलुरू टेस्ट सचिन तेंदुलकर के 49वें शतक के लिए भले ही याद किया जाए लेकिन आस्ट्रेलिया के युवा गेंदबाज पीटर जॉर्ज के लिए यह मैच एक अलग मायने में यादगार रहेगा।
इस मैच में जॉर्ज ने सचिन के रूप में अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का पहला विकेट लिया। जॉर्ज को दूसरे टेस्ट में चोटिल डॉग बोलिंगर के स्थान पर खेलने का मौका दिया गया। अपने कप्तान के भरोसे पर खरा उतरते हुए उस 24 वर्षीय गेंदबाज ने उस समय सचिन को बोल्ड किया जब वह 214 रनों के स्कोर पर थे और आस्ट्रेलिया के लिए सबसे ब़डा सिरदर्द बन गए थे। सचिन के बाद जॉर्ज ने जहीर खान को अपना दूसरा शिकार बनाया। जॉर्ज ने भारत की पहली पारी में कुल 21 ओवरों की गेंदबाजी करते हुए 48 रन खर्च किए और दो विकेट चटकाए। इस युवा खिल़ाडी का जन्म 16 अक्टूबर 1986 को एडिलेड में हुआ। जॉर्ज ने वर्ष 2008 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कदम रखा। उन्होंने प्रथम श्रेणी में अब तक कुल 19 मैच खेलें हैं और इनमें 69 विकेट लिए हैं। उनके इसी प्रदर्शन की वजह से क्रिकेट आस्ट्रेलिया के चयनकर्ताओं ने उन्हें भारतीय दौरे पर भेजने का फैसला किया।
भारत समाचार
पीटर जॉर्ज ने सचिन को बनाया अपना पहला शिकार





















