नई दिल्ली। अनिल अंबानी समूह की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन्स (आर कॉम) ने फिनलैंड की कंपनी नोकिया के साथ मिलकर अपने ग्राहकों को व्यक्तिगत आधार पर कृषि, शिक्षा और मनोरंजन क्षेत्र की उपयोगी जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए नई सेवा की शुरू की है। "ओवी लाइफ टूल्स" नाम की इस नई सेवा से किसानों को फसल के दाम, उर्वरकों के उपयोग, मौसम, मिट्टी की जानकारी और बुआई के सही समय आदि की जानकारी विशेषज्ञों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। मनोरंजन के क्षेत्र में इस सेवा के जरिए रॉक, रैप, हिप हॉप, बॉलीबुड, सूफी, इंडीपॉप, क्लासिकल और स्थानीय प्रचलिस संगीत की डाउनलोडिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। आर कॉम के ग्राहक इस सेवा के जरिए 12 जीबी तक का डाटा उपयोग कर सकेंगे। ओवी लाइफ टूल्स सेवा के अंतर्गत सब्सक्रिप्शन और उपयोग आधारित मूल्य के दो पैकेज उपलब्ध कराए गए हैं। शिक्षा और मनोरंजन के क्षेत्र में सब्सक्रिप्शन शुल्क 30 रूपये महीना और कृषि सेवाओं के लिए मूल्य 60 रूपये महीना रखा गया है। उपयोग आधारित सेवा का मूल्य 3 रूपये प्रति सेवा निर्धारित किया गया है।
आर कॉम वायरलैस डेटा सर्विसेज के ब्रजेश शेलट ने कहा, ""हमारे नेटवर्क पर स्मार्टफोन की बिक्री कई गुना बढ़ी है। अब 3जी सेवा की शुरूआत होने पर हम ग्राहकों के लिए विशेष सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर अवसर देख रहे हैं।"" नोकिया से आर कॉम की साझेदारी के जरिए आर कॉम नोकिया जीपीआरएस मोबाइल के साथ 1.2 जीबी डेटा और इंटरनेट उपयोग के 1800 मुफ्त मिनट का ऑफर दे रही है। इसके अलावा नोकिया 1800 के साथ छह महीने की वैलिडिटी दी जा रही है।
भारत समाचार
आर कॉम-नोकिया ने व्यक्तिगत सेवा शुरू की





















