मुंबई। भारतीय शेयर बाजारों के प्रमुख संवेदी सूचकांक इस सप्ताह अपने पिछले सप्ताह के स्तर के करीब ही बंद हुए और उनमें कोई विशेष बदलाव नहीं आया।
हालांकि सप्ताह भर शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर कायम रहा। मझोले और छोटे शेयरों में बेहतर खरीदारी देखी गई। बम्बई शेयर बाजार का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक "सेंसेक्स" मामूली 0.2 फीसदी या 40.81 अंक बढ़कर 20,165.86 पर बंद हुआ। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला "निफ्टी" सप्ताह भर के कारोबार के बाद बिना कोई उल्लेखनीय बदलाव के 6,066.05 अंक पर बंद हुआ। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंक़डों के मुताबिक शेयर एवं बॉण्ड बाजार में विदेशी निवेशकों की खरीदारी जारी रही और इस सप्ताह विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में कुल 81.145 करो़ड डॉलर का निवेश किया।
इस महीने विदेशी संस्थागत निवेश अभी तक 5.8 अरब डॉलर का निवेश कर चुके हैं। उधर मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में अच्छी बढ़त देखी गई। बीएसई के मिडकैप सूचकांक में 1.37 फीसदी और स्मॉल कैप में 0.88 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई। इस हफ्ते सेंसेक्स में बढ़त के साथ बंद हुए शेयरों में टीसीएस (4.4 फीसदी)1,040.10 रूपए, सिप्ला (2.9 फीसदी) 344.75 रूपए, रिलायंस इंडस्ट्रीज (1.6 फीसदी)1,081.45 रूपए और टाटा पावर(1.3 फीसदी)1,420 रूपए शामिल हैं। नुकसान में रहे शेयरों में विप्रो (9.4 फीसदी)448.4 रूपए, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज(7.8 फीसदी)168.20 रूपए, एचडीएफसी(6.2 फीसदी)692.95 रूपए और जयप्रकाश एसोसिएट्स(6.2 फीसदी)125.75 रूपए पर बंद हुए। जापानी शेयर बाजार निक्केई में 0.77 फीसदी की गिरावट आई और यह 9,426.71 अंक पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.13 फीसदी की मामूली बढ़ोतरी के साथ 2,975.04 फीसदी पर बंद हुआ, जबकि हांग-कांग को हैंग सैंग 1.01 फीसदी की गिरावट के साथ 23,517.54 अंक पर बंद हुआ।
उधर यूरोपीय शेयर बाजारों में बीच बीच में मुनाफा वसूली के बावजूद थो़डी-बहुत बढ़ोतरी देखी गई। एफटीएसई 100 में 0.67 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 5,741.37 पर बंद हुआ, जबकि जर्मनी का डैक्स 1.75 फीसदी बढ़कर 6,605.84 पर बंद हुआ। फ्रांस के सीएसी 40 में 1.08 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 3,868.54 अंक पर बंद हुआ। उधर अमेरिका में कंपनियों के अच्छे परिणामों के कारण लगातार तीसरे हफ्ते बढ़ोतरी देखी गई। डाउजोंस 0.63 फीसदी चढ़कर 11,132.56 पर बंद हुआ। जबकि एस एंड पी 500 में 0.59 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 1,183.08 पर बंद हुआ। नेस्डेक कंपोजिट 0.43 फीसदी बढ़कर 2,479.39 अंक पर पहुंचा।
भारत समाचार
शेयर बाजार पिछले सप्ताह के स्तर पर बंद (साप्ताहिक शेयर समीक्षा)




















