जलपाईगुडी (पश्चिम बंगाल)। जिले के बिन्नागुडी इलाके में तेज गति से आ रही ट्रेनों की चपेट में आने से सात हाथियों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। संभागीय वन अधिकारी सुनीता घटक ने बताया कि पांच हाथी बुधवार रात घटनास्थल पर मारे गए, जबकि दो की गुरूवार सुबह मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बुधवार कुछ हाथी दियाना जंगल से मोराघाट जा रहे थे, तभी दो शिशु हाथी मालग़ाडी की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि दूसरे हाथी उन शिशुओ को बचाने आए, और तभी पटरी पर आ रही एक और मालग़ाडी की चपेट में आ गए। घटना में पांच हाथियों की घटनास्थल पर मौत हो गर्ई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया कि हाथियों का एक और झुंड मृत और घायल हाथियों को घेर कर पटरियों पर ख़डा था, इसके चलते न्यू जलपाईगुडी को असम से जो़डने वाले रेलमार्ग पर ट्रेनों का आवागमन सुबह तक रोक कर रखा गया। तीन महीने पहले भी इस स्थान पर एक हाथी ट्रेन की चपेट में आ गया था। वन अधिकारी ने बताया कि इस क्षेत्र में ऎसी घटनाएं अक्सर होती है क्योंकि रेलमार्ग हाथियों की आवाजाही के क्षेत्र से होकर गुजरता है। उन्होंने बताया कि रेल अधिकारियों से कई बार निवेदन किया गया है कि वे हाथियों की सुरक्षा के लिए इस क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रेनों की गतिसीमा 40 किमी प्रति घंटा रखे।
भारत समाचार
ट्रेन की चपेट में आने से सात हाथी की मौत





















