हांगकांग। देश के राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी की भूमिका को ऑस्कर विजेता फिल्म के माध्यम से जीवंत कर देने वाले बेन किंग्स्ले अब मुगल बादशाह की भूमिका के जरिये देश के इतिहास में और गहरी छाप छोडने जा रहे हैं। ब्रिटिश अभिनेता की प्रोडक्शन कंपनी एसबीके पिक्चर्स ने आज बताया कि फिल्म "गांधी" में भूमिका अदा करने के 27 साल बाद "ताज" में किंग्स्ले शाहजहां बनेंगे और इस फिल्म में मुमताज महल की भूमिका मिस वल्र्ड ऎश्वर्या राय बच्चान करेंगी। ताज महल का निर्माण मुगल बादशाह जहांगीर ने अपनी बेगम मुमताज महल की याद में 1632 से 1654 के बीच कराया था। मुमताज की मृत्यु अपने 14वें शिशु को जन्म देते समय हो गई थीं। इस विश्वप्रसिद्ध निर्माण के पूरा होने के कुछ समय बाद ही शाहजहां को उसके पुत्र ने गद्दी से हटा दिया था और उसे आगरा किले में नजरबंद कर दिया था।