नई दिल्ली। दिल्ली में बुधवार को डेंगू के 79 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही इस साल इस बीमारी की चपेट में आने वालों की संख्या बढ़कर 2012 तक पहुंच गई है।
दिल्ली नगर निगम के एक अधिकारी के अनुसार दिल्ली में डेंगू से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें एक मामला राजधानी के बाहर का था। शहर में इस बीमारी के रोजाना करीब 70 मामले सामने आ रहे हैं। दिल्ली नगर निगम को आशंका है कि इस साल डेंगू के मामले वर्ष 2006 के आक़डे 3,366 को पार कर जाएंगे। दिल्ली नगर निगम के अनुसार पिछले साल डेंगू के 1,153 मामले सामने आए थे और इससे तीन लोगों की मौत हुई थी। जबकि 2008 में 1,312 मामले सामने आए थे और दो की मौत हुई थी। वहीं 2007 में 548 मामले सामने आए थे और एक की मौत हुई थी जबकि 2006 में 3366 मामले सामने आए थे और 36 लोगों की मौत हुई थी।





















