देवरिया। उतरप्रदेश के देविरया जिले में जहरीली शराब पीने से दो और लोगों की मौत हो जाने के साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
पुलिस सूत्रों ने अनुसार गौरी बाजर थाने के रतनपुर गांव में ग्राम प्रधान पद के उम्मीदवार के घर कुछ लोगों ने शराब पी। इसके बाद नेबू लाल (28) की गांव में ही मौत हो गई जबकि अब्बास अली (50) ने अस्पताल ले जाते वक्त और छेदी (30) ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तो़ड दिया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गंभीर रूप से बीमार चार लोगों को इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था जहां मोहन लाल और उमाशंकर की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस संबंध में शराब पिलाने वाले उम्मीदवार रामनिहोर के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है, जबकि कर्तव्य पालन में कोताही के आरोप में आबकारी निरीक्षक सत्य प्रकाश पांडेय, प्रधान आबकारी सिपाही जितेन्द्र कुमार गौरी बाजार थाने के प्रभारी दिवाकर सिंह, हलका प्रभारी विंध्याचल यादव और बीट आरक्षी शंभूनाथ चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।





















