डरबन। चैम्पियंस ट्वेंटी-20 लीग के दूसरे संस्करण के 10वें मुकाबले में गुरूवार को मुंबई इंडियंस टीम ने वेस्टइंडीज की गयाना टीम के सामने जीत के लिए 185 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए।
मुंबई की ओर से केरन पोलार्ड ने तूफानी पारी खेलते हुए नाबाद 72 रन बनाए। उन्होंने 30 गेंदों में एक चौका नौ छक्के लगाए। मुंबई के दोनों सलामी बल्लेबाजों सचिन तेंदुलकर और शिखर धवन ने अपनी टीम को मजबूत शुरूआत दी। दोनों ने 82 रनों की साझेदारी निभाई। मुंबई का पहला विकेट सचिन तेंदुलकर के रूप में गिरा। उन्होंने 39 गेंदों में चार चौके की मदद से 48 रन बनाए। उस समय टीम का कुल योग 82 रन था। शिखर धवन ने 37 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाए।
सौरभ तिवारी आज बिना खाता खोले पेवेलियन लौट गए। इसके बाद अंबाती रायडू पर कुछ खास नहीं कर सके और चार रन बनाकर चलते बने। जीन पाल डुमिनी 14 रन बनाकर नाबाद रहे। गयाना की ओर से देवेंद्र बिशू ने तीन विकेट हासिल किए जबकि राएस्टन क्रेंडन को एक विकेट मिला। मुंबई की टीम का यह तीसरा मुकाबला है जबकि गयाना की टीम अपना दूसरा मैच खेल रही है। मुंबई को चैम्पियंस लीग के उद्घाटन मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के क्लब लायंस के हाथों नौ रन की हार मिली थी जबकि मंगलवार को दूसरे मुकाबले में साउथ आस्ट्रेलिया की टीम ने ब़डा स्कोर ख़डा करने के बावजूद उसे पांच विकेट से पीट दिया। गयाना की टीम अपने पहले मैच में बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स के हाथों नौ विकेट से हार चुकी है।
वर्ष 2009 में भारत में आयोजित चैम्पियंस लीग का पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था। पहले संस्करण में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार कुल 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है। चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, वेस्टइंडीज से गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्टे्रलिया से साउथ आस्टे्रलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
भारत समाचार
चैम्पियन्स लीग : गयाना को मिला 185 रनों का लक्ष्य





















