नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन स्थलों पर लंबी कतार से बचने और जल्दी पहुंचने के लिए दर्शकों से जितना संभव हो सके सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
सरकार ने शनिवार को सुरक्षा उपायों को लेकर जारी 18 सूत्रीय सलाह में कहा है कि लोगों को तीन से 14 अक्टूबर के दौरान दौ़ड-भाग के लिए तैयार रहना चाहिए। गृह मंत्रालय ने जारी सलाह में टिकट पा चुके दर्शकों से कहा, ""आप जितना जल्दी आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे, उतना ही जल्दी अपने सीट पर पहुंच जाएंगे।"" आयोजन स्थलों पर बैरियर होगा और टिकट व मान्यता प्राप्त काड्र्स को पढ़ने के लिए एक उपकरण लगा होगा। सलाह में कहा गया है कि, ""अगर टिकट या मान्यता प्राप्त कार्ड को उपकरण "इनवैलिड" बताता है तो, फिर से दोबारा प्रयास करना होगा। यदि दूसरी बार भी उपकरण ने इसे "इनवैलिड" बता दिया तो वह व्यक्ति भीतर नहीं जा पाएगा।"" अगर इलेक्ट्रॉनिक कार्ड रीडर कुछ मिनट के लिए खराब हो गया, तो उस दौरान सुरक्षाकर्मी खुद ही जांच करेंगे।





















