नई दिल्ली। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने मंगलवार को कहा कि एयर इंडिया ने अपने घाटे में 25 प्रतिशत की कमी की है और राष्ट्रीय विमान कंपनी का सबसे बुरा दौर बीत चुका है। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित अमेरिका-भारत व्यापार परिषद की बैठक के इतर पटेल ने कहा, ""एयर इंडिया के लिए सबसे बुरा दौरा बीत चुका है। विमान कंपनी ने अपने घाटे को प्रतिमाह 400 करो़ड रूपए से घटाकर 300 करो़ड रूपए करने में सफलता हासिल की है।"" पटेल ने पिछले महीने राज्यसभा को सूचित किया था कि एयर इंडिया को इस वित्तीय वर्ष में 5,400 करो़ड रूपए का घाटा होगा। विमानन कंपनी को वर्ष 2007-08 में 2,226.16 करो़ड रूपए और वर्ष 2008-09 में 5,548 करो़ड रूपए का घाटा हुआ था। पटेल ने कहा कि बजट की घोषणा के अनुसार एयर इंडिया को इस वित्तीय वर्ष में 1,200 करो़ड रूपए की अतिरिक्त राशि मिलेगी। पटेल ने कहा कि नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के तीसरे टर्मिनल का उद्घाटन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी तीन जुलाई को करेंगे।
भारत समाचार
एयर इंडिया का बुरा दौर खत्म: पटेल





















