पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में बुधवार को एक मालग़ाडी के पटरी से उतरने से पीलीभीत-बरेली रेलमार्ग क्षतिग्रस्त हो गया और इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन ठप प़ड गया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पीलीभीत जिले के ललउलीखेडा हाल्ट पर आज सुबह बरेली की तरफ से आ रही खाली मालग़ाडी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया।
पीलीभीत राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के चौकी प्रभारी नागेंद्र प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि डिब्बे के पटरी से उतरने से करीब 400 मीटर पटरी क्षतिग्रस्त हो गई। एकल लाइन (सिंगल लाइन) होने के कारण इस रेलमार्ग पर रेल परिचालन पूरी तरह से बाधित हो गया है।
उन्होंने कहा कि रेल कर्मचारी मौके पर पहुंचकर रेलमार्ग को ठीक कर रहे हैं लेकिन उसे चालू होने में काफी समय लगेगा। रेलमार्ग बाधित होने के कारण फिलहाल दो-तीन रेलगाडियां पीलीभीत और बरेली के स्टेशनों पर ख़डी हैं। सिंह ने कहा कि अभी हादसे के कारणाें का पता नहीं चल पाया है। रेल अधिकारी मौके पर पहुंच कर घटना की जांच कर रहे हैं।
भारत समाचार
पीलीभीत में मालग़ाडी पटरी से उतरी, रेल यातायात बाधित





















