कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

शादी के तुरंत बाद वन्यजीव कानूनों के उल्लंघन में फंसे कैटी व ब्रांड

जयपुर। रणथम्भौर अभयारण के एक पांच सितारा होटल में बीते शनिवार हिंदू रीति-रिवाज से विवाह बंधन में बंधे ब्रिटिश हास्य अभिनेता रसेल ब्रांड और गायिका कैटी पेरी के खिलाफ सवाई माधोपुर की एक अदालत में शिकायत दर्ज कराई गई है।
ब्रांड, पेरी व उनके साथियों पर विवाह समारोह के दौरान वन्यजीव कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। शिकायत दर्ज कराने वाले वकील अक्षय शर्मा के मुताबिक विवाह समारोह के बाद 24 अक्टूबर को पेरी, ब्रांड और उनके चार साथी एक सफारी में रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान पहुंचे थे। उन्होंने वहां धूम्रपान किया, मद्यपान किया और वे अपने साथ हथियार भी ले गए थे।
शर्मा का आरोप है कि उन लोगों ने उद्यान के वन्यजीवों को परेशान किया था। उन्होंने कहा, ""पेरी, ब्रांड, उनके मेहमानों व होटल प्रशासन द्वारा वन्यजीव कानूनों के उल्लंघन के बावजूद जिला प्रशासन और वन विभाग ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।"" शिकायत में कहा गया है कि उन लोगों ने उद्यान से लगे रिसॉर्ट में 23 व 24 अक्टूबर को तेज आवाज में संगीत बजाया। शिकायतकर्ता का कहना है कि विवाह समारोह के दौरान भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) कानून के विविध प्रावधानों का उल्लंघन किया गया। पेरी और ब्रांड ने 23 अक्टूबर को रणथम्भौर के नजदीक स्थित रिसॉर्ट अमन-ए-खास में विवाह किया था।
सोमवार को वे हनीमून के लिए माले निकल गए। सवाई माधौपुर जिले की अदालत के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी 30 अक्टूबर को मामले की सुनवाई करेंगे। इस मामले को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी गंभीरता से लिया है। गहलोत ने सवाई माधोपुर के कलक्टर को इस मामले की जांच करके रिपोर्ट तत्काल सौंपने की हिदायत दी है।

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें