कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

नक्सलियों ने खुफिया अधिकारी को अगवा किया

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जिले से नक्सलियों ने शुक्रवार को कथित रूप से खुफिया शाखा के एक अधिकारी और एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के कर्मचारी का अपहरण कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी शनिवार को दी। पुरूलिया के पुलिस अधीक्षक राजेश यादव ने बताया, ""कोलकाता से खुफिया शाखा (आईबी) के अधिकारी पार्था बिस्वास शुक्रवार को पुरूलिया आए थे। शुरू में हमें उनके दौरे की जानकारी नहीं थी। हमें पता चला है कि नक्सलियों ने शनिवार सुबह उनका अपहरण कर लिया है। हम मामले की जांच कर रहे हैं। अभी तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।"" नक्सली सूत्रों ने हालांकि इस बात की पुष्टि की है कि बिस्वास और एनजीओ कार्यकर्ता सुरोजित बोस उनके कब्जे में हैं। दोनों सुरक्षित हैं लेकिन अपहर्ताओं ने दोनों की रिहाई के लिए अभी तक कोई शर्त नहीं रखी है। बोस हुगली में एक स्कूल में अध्यापक हैं। पुलिस महानिरीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) जुल्फिकार हसन ने कहा, ""अभी तक किसी भी नक्सली नेता या नक्सलियों से सहानुभूति रखने वालों ने अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है और उन्होंने अपनी मांगों के बारे में हमसे अभी तक कोई सम्पर्क नहीं किया है। लेकिन हम इस बात को लेकर स्पष्ट हैं कि आईबी अधिकारी और एनजीओ कार्यकर्ता के अपहरण में नक्सली शामिल हैं। हम उन्हें सुरक्षित बचाने की कोशिश कर रहे हैं।"" खुफिया शाखा के वरिष्ठ अधिकारियों ने यहां कहा कि निरीक्षक रैंक के अधिकारी बिस्वास छुट्टी पर थे और वह विभाग को सूचना दिए बगैर पुरूलिया गए थे। खुफिया शाखा के अतिरिक्त महानिदेशक बणिब्रत बसु ने कहा, ""बिस्वास डयूटी पर नहीं थे, क्योंकि वह छुट्टी पर थे और वह विशुद्ध रूप से निजी कारणों से पुरूलिया गए हुए थे। हमें जानकारी मिली है कि वह एक एनजीओ चलाते हैं और अपनी संस्था के काम से ही वह पुरूलिया गए हुए थे।"" सूत्रों के मुताबिक खुफिया शाखा के अधिकारी पार्थ बिस्वास एनजीओ कर्मचारी सुरोजीत बोस के साथ शुक्रवार रात अयोध्या हिल्स गये थे। दोनों का बलरामपुर के घाटबे़डा क्षेत्र से अपहरण कर लिया गया।

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें