कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

मैच फिक्सिंग विवाद : इंग्लैंड दौरे से बाहर हुए आरोपी खिल़ाडी

लंदन। मैच फिक्सिंग विवाद के तीनों आरोपियों पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान बट्ट, तेज गेंदबाज मोहम्मद आमेर और मोहम्मद आसिफ को एक तरफ जहां शेष बचे इंग्लैंड दौरे से बाहर कर दिया गया है वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान ने उन्हें निर्दोष करार देते हुए अदालत में उनका बचाव करने का फैसला किया है। पाकिस्तानी टीम के मैनेजर यावर सईद ने कहा, ""ट़वेंटी-20 के लिए जो खिल़ाडी यहां मौजूद हैं उन्हीं में से टीम बनाई जाएगी। दोनों ट्वेंटी-20 मैच खेलने के बाद एकदिवसीय मैचों में तीनों के स्थानापन्न खिलाडियों की मांग की जाएगी।"" यावर ने यह भी स्पष्ट किया कि इन खिलाडियों को निलंबित नहीं किया गया है। ""नहीं, उन्हें निलंबित नहीं किया गया है।"" उन्होंने कहा, ""टीम में अभी 13 खिल़ाडी हैं। पांच एकदिवसीय मैचों के लिए हमें तीन और खिलाडियों की जरूरत है तभी 16 सदस्यीय टीम पूरी होगी।"" यावर ने यह खुलासा नहीं किया कि तीनों के स्थान पर किन खिलाडियों को टीम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा, ""यह चयनकर्ता तय करेंगे। हम उन्हें बताएंगे कि हमें कौन सा खिल़ाडी चाहिए और वे इस पर फैसला लेंगे।"" इस बीच, पाकिस्तान की ओर से स्पष्ट किया गया कि वह अदालत में तीनों आरोपी खिलाडियों का बचाव करेगा। उसका मानना है कि जब तक कि इन खिलाडियों के दोष साबित नहीं हो जाते तब तक वे निर्दोष हैं। तीनों खिलाडियों से लगभग डेढ़ घंटे की बातचीत के बाद ब्रिटेन में पाकिस्तान के उच्चायुक्त वाजिद शमसुल हसन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि तीनों खिल़ाडी ब्रिटेन में ही रहेंगे और अपने ऊपर लगे आरोपों के मद्देनजर खुद को निर्दोष साबित करेंगे। उन्होंने कहा, ""जो कुछ भी हुआ है उससे वे परेशान हैं। वे पूरी तरह निर्दोष हैं। मौजूदा हालातों के मद्देनजर उनकी मन:स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अधिकारियों से अपने को मौजूदा दौरे से अलग रखने की गुजारिश की है।"" हसन ने कहा, ""मेरा मानना है कि वे निर्दोष हैं। जब तक वे दोषी साबित नहीं हो जाते तब तक वे निर्दोष हैं। वे कहीं भाग नहीं रहे हैं। उनका कहना है कि वे निर्दोष हैं। मामले की जांच चल रही है। हमें इंतजार करना होगा।"" इससे पहले, तीनों आरोपी खिलाडियों ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख एजाज बट्ट एवं बोर्ड के कुछ अन्य अधिकारियों से मुलाकात की। पाकिस्तान के प्रमुख समाचार चैनल "जियो टीवी" के मुताबिक तीनों आरोपी खिलाडियों और पीसीबी की मुलाकात तय कार्यक्रम के मुताबिक लंदन में हुई। पाकिस्तान की एकदिवसीय क्रिकेट टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी का कहना है कि मैच फिक्सिंग विवाद की वजह से उनकी टीम इन दिनों मुश्किल दौर में है लेकिन वह इंग्लैंड के खिलाफ आगामी श्रृंखला में जोरदार वापसी करेगी। इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला का पहला मैच रविवार को कार्डिफ में खेला जाना है। अफरीदी ने कहा, ""यह हमारे लिए मुश्किल दौर है। इससे हम सभी को धक्का पहुंचा है और उम्मीद है कि यह विवाद जल्द खत्म हो जाएगा।""
आस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर शेन वार्न ने कहा है कि मैच फिक्सिंग विवाद में दोषी पाए जाने पर पाकिस्तानी खिलाडियों के खेलने पर आजीवन प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। वार्न ने मेलबर्न में संवाददाताओं से कहा, ""अगर फिक्सिंग की बात सही है और पाकिस्तानी खिल़ाडी इसमें दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें तुरंत टीम से बाहर कर दिया जाना चाहिए।""
उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन के समाचार पत्र "द न्यूज ऑफ द वल्र्ड" द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में माजिद ने समाचार पत्र से 150,000 पाउंड लिए और पहचान छुपाकर उससे मिलने वाले पत्र के संवाददाता से वादा किया कि पाकिस्तानी तेज गेंदबाज निर्धारित समय पर लाड्र्स टेस्ट में नो-बॉल फेंकेंगे। बाद में ऎसा ही हुआ।

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें