लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने सोमवार को कहा कि आदर्श सोसायटी सहित अन्य घोटालों के आरोपी यदि किसी पद पर हैं तो ऎसे लोगों को तत्काल पद छो़ड देना चाहिए।
जोशी ने आदर्श सोसायटी और राष्ट्रमंडल खेलों में सामने आए भ्रष्टाचार का हवाला देते हुए कहा कि जांच के बाद दोषियों पर क़डी कार्रवाई करना अलग बात है लेकिन प्रथम दृष्टया जिन पर आरोप लग रहे हैं उन्हें उनके पदों पर नहीं रखना चाहिए। लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय में सोमवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में जोशी ने कहा कि सेना में भ्रष्टाचार गंभीर प्रकरण है। आदर्श सोसायटी घोटाला कारिगल शहीदों का अपमान है। दोषियों को सामने लाने के लिए इस मामले की गहन जांच की आवश्यकता है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जु़डे मामले की जांच समय सीमा के अंदर पूरी होनी चाहिए। आम तौर पर देखा गया है कि सरकार ऎसे मामलों की जांच रिपोर्ट दबा कर बैठ जाती है। इसको देखते हुए निश्चित समय के अंदर जांच पूरी कर रिपोर्ट संसद के अगले सत्र में प्रस्तुत की जानी चाहिए।
अमेरिका के राष्ट्रपति की आगामी भारत यात्रा पर टिप्पणी करते हुए जोशी ने कहा कि ओबामा अपनी इस यात्रा के दौरान पाकिस्तान के प्रति अमेरिका के रूख को साफ करें। जहां एक तरफ तो अमेरिका आतंकवाद से ल़डने की बात करता है,
वहीं दूसरी तरफ वह पाकिस्तान को न केवल परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में बल्कि परमाणु हथियार बनाने में मदद कर रहा है। जोशी ने जोर दिया कि भारत को किसी एक देश पर निर्भर न रहते हुए नए मित्रों की भी तलाश जारी रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को रूस, जापान, आस्ट्रेलिया और यूरोपियन यूनियन के साथ भी दोस्ती स्थापित करनी चाहिए।
भारत समाचार
घोटालों से जु़डे पदों पर न रहें आसीन : मुरली मनोहर जोशी





















