मुंबई। ईंधन की कीमतों को नियंत्रण मुक्त करने और पेट्रोल, डीजल, कैरोसीन और रसोई गैस के दामों में वृद्धि के सरकार के फैसले के बाद तेल विपणन और उत्खनन कंपनियों के शेयरों में शुक्रवार को जोरदार उछाल दर्ज किया गया।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर तेल विपणन कंपनी भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन (बीपीसीएल) का शेयर 15.29 प्रतिशत बढ़कर दिन के उच्चतम स्तर 634.85 रूपये पर पहुंच गया। बाद में यह 616.50 रूपये के स्तर पर बंद हुआ। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन (एचपीसीएल) का शेयर दिन के कारोबार में 18.7 प्रतिशत बढ़कर 411.50 रूपये के उच्च स्तर पर पहुंच गया, बाद में यह 399.75 रूपये पर बंद हुआ। इंडियन ऑयल कार्पोरेशन का शेयर भी 14.2 प्रतिशत बढ़कर 390.50 रूपये के उच्च स्तर पर पहुंचा और बाद में यह 373.45 रूपये प्रति शेयर के स्तर पर बंद हुआ। सरकारी क्षेत्र की अन्य प्रमुख कंपनी ओएनजीसी में भी जोरदार खरीददारी के चलते इसका शेयर मूल्य दिन के कारोबार में 8.6 प्रतिशत बढ़कर 1,290.90 रूपये के उच्च स्तर तक पहुंचा। बाद में यह 1,263.95 रूपये पर बंद हुआ। ऑयल इंडिया का शेयर भी 7.37 प्रतिशत बढ़कर 1,395.95 रूपये के उच्च स्तर पर पहुंचा और कारोबार के अंत में यह 1,343.90 रूपये पर बंद हुआ। पेट्रोल की कीमत में 3.50 रूपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में दो रूपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। कैरोसीन का दाम तीन रूपये लीटर और रसोई गैस की कीमत 35 रूपये प्रति सिलेंडर बढ़ाई गई है।





















