राहुल का गुपचुप उत्तर प्रदेश दौरा, राज्य को आपत्ति
Sep 24, 2009 7:23 AM
लखनऊ, 24 सितंबर। कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी इस समय उत्तर प्रदेश के गोपनीय दौरे हैं, मगर उन्होंने राज्य प्रशासन को इसकी भनक भी नहीं दी है। राज्य सरकार ने इस पर कडी आपत्ति जताई है। सरकार का कहना है कि उगर उनकी सुरक्षा में कोई दिक्कत आती है, तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। सुरक्षा प्रोटोकाल के तहत राहुल को आने से पहले राज्य सरकार को इसकी सूचना देनी चाहिए थी। राज्य सरकार इसकी शिकायत केंद्र से करेगी। दूसरी ओर उ.प्र. कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार को पता होना चाहिए कि राहुल गांधी लखनऊ में लैंड किए हैं और वह राज्य के दौरे पर हैं। मगर राज्य सरकार को तो कुछ भी पता नहीं है। खबर है कि राहुल किसी दलित गांव के दौरे पर हैं। ज्ञात रहे गांधी परिवार की सुरक्षा को लेकर खुफिया विभाग और सुरक्षा बल हमेशा सचेत रहते हैं। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या और देश पर बढते आतंकी खतरे के मद्देनजर सोनिया, राहुल और प्रियंका की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाता है। पिछले दिनों ही लुधियाना से दिल्ली ट्रेन से सफर के दौरान राहुल गांधी की कोच पर पथराव किया गया था।