चण्डीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को यहां एक समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। समारोह में शामिल हजारों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के स़डक पर आने से कई मार्गो पर अव्यवस्था फैल गई।
समारोह के बाद अमरिंदर ने कहा कि पंजाब में अकाली दल और भाजपा की गठबंधन सरकार के "कुप्रशासन" के खिलाफ कांग्रेस शीघ्र अभियान शुरू करेगी। सेक्टर 15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में आयोजित समारोह में भाग लेने के लिए हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं की वजह से शहर के कुछ भागों में हल्के रूप में जाम लग गया, जबकि अन्य इलाकों में यातायात रेंगता नजर आया। व्यवसायी आनंद शर्मा ने आईएएनएस को बताया, ""स़डकों पर पूरी तरह से अव्यवस्था फैल गई थी। कांग्रेस समर्थकों को नियंत्रित और यातायात सुचारू करने में पुलिस भी पर्याप्त नहीं थी।"" इस दौरान स्कूली वाहन भी जाम में फंसे रहे।





















