मुम्बई। सीबीआई ने मुम्बई के मुख्य श्रम उपायुक्त के कार्यालय पर अचानक मारे गए छापे में वहां से इलेक्ट्रॉनिक सामान और चांदी की वस्तुओं सहित दीपावली के महंगे उपहार व नकद राशि बरामद की।
श्रम अधिकारियों की सूचना पर सीबीआई ने सियोन-ट्रॉम्बे रोड के श्रम रक्षा भवन स्थित मुख्य श्रम उपायुक्त के कार्यालय में बुधवार को छापा मारा था। कार्यालय से विभिन्न नियोक्ताओं या विभिन्न सार्वजनिक व निजी कम्पनियों के मालिकों, बैंकों और अन्य प्रतिष्ठानों द्वारा दिए गए उपहार व नकद राशि बरामद हुई। मुख्य श्रम उपायुक्त आर. वेंकटेश्वरलु, क्षेत्रीय श्रम आयुक्त प्रदीप के. पाणिग्रही, सहायक श्रम आयुक्तों प्रभाकर के. रागडे, रामगोपाल मीणा, एस. गुनाहारी और सचिव के स्टाफ कार्यालय पर अचानक मारे गए छापे में सीबीआई को मिठाइयों, सूखी मेवा, इलेक्ट्रॉनिक सामान और चांदी की वस्तुओं से भरे उपहारों के डिब्बे मिले। सीबीआई को चार लिफाफों और उपहार वाउचरों से 34,000 रूपये की नकद राशि भी मिली। सीबीआई के मुताबिक ये उपहार व नकद राशि विभिन्न बैंकों, सार्वजनिक क्षेत्रों की निकायों, निजी कम्पनियों और किंगफिशर, टाटा कम्युनिकेशन, एटीसी इंडिया टॉवर कारपोरेशन, 3आई इन्फोटैक, लुब्रिजोल, गैमन इंडिया लिमिटेड, वोडाफोन, गोदरेज, लार्सन एंड टुब्रो, एयरसेल व रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे संगठनों ने दिए थे। सीबीआई के अनुसार अधिकारियों का अपने ग्राहकों से उपहार लेना उन्हें भ्रष्टाचार का दोषी बनाता है।





















