नई दिल्ली। हाल ही रिएलिटी शो "बिग बॉस 4" से बाहर हुए और बॉलीवुड में शुरूआत करने जा रहे राहुल भट्ट ने उन अफवाहों पर विराम लगा दिया है जिनमें कहा जा रहा था कि वे अपनी बहन पूजा भट्ट की फिल्म "जिस्म 2" में अभिनय करेंगे। राहुल कहते हैं कि वे "जिस्म 2" के लिए पर्याप्त अकर्षक नहीं हैं।
राहुल ने कहा, ""इन अफवाहों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि मैं "जिस्म 2" में अभिनय करने जा रहा हूं। यह किरदार बहुत आकर्षक है और मैं जॉन अब्राहम जितना आकर्षक नहीं हूं। मैं इस तरह की भूमिकाएं नहीं कर सकता।"" राहुल ने यह भी कहा कि जरूरी नहीं है कि उन्हें उनके पिता का बैनर "विशेष फिल्म्स" ही फिल्मों में पेश करे। राहुल कहते हैं कि भट्ट घराने में अपने बेटों, भाइयों या भतीजों को अपनी ही फिल्मों से बॉलीवुड में पेश करने की परम्परा नहीं रही है। वे कहते हैं कि उनके पिता नहीं बताएंगे कि वे कैसे हैं बल्कि "बिग बॉस" में शामिल होने के बाद फिल्मकारों ने देख लिया है कि वे प्रत्येक दृष्टिकोण से कैसे दिखते हैं। अट्ठाइस वर्षीय राहुल अलग तरह की और विशेष भूमिकाएं करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ""मैं फिल्मों में काम करूंगा लेकिन अपनी भूमिकाएं बहुत सोच-समझकर चुनूंगा। मैं निजीतौर पर देशभक्तिपूर्ण फिल्मों का हिस्सा बनना पसंद करूंगा। मैं रोमांटिक भूमिका की बजाए एक मजबूत और शांत ल़डके की भूमिका करना चाहूंगा। मैं खुद को सलमान खान और सन्नी देओल का मिलाजुला रूप मानता हूं।"" राहुल एक फिटनेस प्रशिक्षक हैं। वह 26/11 के मुम्बई के आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोपी पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी आतंकवादी डेविड कोलमेन हेडली से सम्पर्क के चलते सबसे पहले सुर्खियों में आए थे। इसके बाद वे "बिग बॉस 4" में शामिल हुए।





















