नई दिल्ली। बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन का कहना है कि "पा" को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना उनकी कंपनी एबीसी के लिए ईश्वरीय वरदान जैसा है।
अमिताभ को इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। अमिताभ ने आईएएनएस से मुंबई से फोन पर साक्षात्कार में कहा, ""एबीसी के लिए यह एक ईश्वरीय वरदान है और मैं कुछ बुरे दौर से गुजर चुकी इस कंपनी के लिए वास्तव में बहुत खुश हूं।"" उन्होंने कहा कि वह इस बात का श्रेय अपने बेटे व अभिनेता अभिषेक बच्चन को देते हैं क्योंकि यह उन्हीं का निर्णय था और उन्हीं के काम के कारण एबीसी इसका निर्माण कर सकी। बुधवार को 57वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में अमिताभ को मिले इस पुरस्कार की घोषणा हुई। फिल्म में उन्होंने प्रोजेरिया पीडित एक 13 वर्षीय मरीज ऑरो की भूमिका निभाई है। आर. बाल्की के निर्देशन में बनी "पा" को सर्वश्रेष्ठ मेकअप, सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेत्री और सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का भी पुरस्कार मिला है। "पा" अभिषेक के निर्माण में बनी पहली फिल्म है। अमिताभ ने कहा, ""मैं यह सोचकर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण करने के दौरान मैं और अभिषेक दोनों वहां व्यक्तिगत तौर पर मौजूद होंगे।"" उन्होंने कहा, ""हम फिल्में बनाना जारी रखना चाहते हैं। हम बहुत संकोच कर रहे थे क्योंकि पूर्व में हमें बहुत असफलताएं मिली थीं लेकिन इस सफलता के साथ हम प्रेरित हैं.. हम क्षेत्रीय सिनेमा का निर्माण जारी रखेंगे।"" उन्होंने कहा, ""मैं बाल्की के लिए बहुत खुश हूं क्योंकि यह उनका दृष्टिकोण था। मैं अभिषेक के लिए बहुत खुश हूं क्योंकि उन्होंने इस फिल्म के निर्माण का फैसला लिया था। मैं नहीं जानता था कि हमें चार पुरस्कार मिलेंगे और स्पष्ट रूप से ये सोने पे सुहागा जैसा है। इसलिए मैं इस फिल्म से जु़डे हर व्यक्ति के लिए बहुत खुश हूं।""
भारत समाचार
ईश्वर का वरदान है राष्ट्रीय पुरस्कार : अमिताभ





















